ससुर-दामाद विवाद में चाकूबाजी, दामाद गंभीर हालत में डीएमसीएच रेफर

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

बासोपट्टी थाना क्षेत्र में ससुर और दामाद के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। गुस्से में ससुर ने अपने दामाद के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान शंकर राय के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है।

परिजनों के अनुसार शंकर राय पिछले करीब दो वर्षों से अपने ससुराल में रह रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में ससुर ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना के बाद पहले घायल को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।