तालाब में डूबने से आशापुर के कबाड़ व्यवसायी की मौत
मझौरा स्थित तालाब में नहाने के दौरान हुआ हादसा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहेड़ा थाना क्षेत्र के मझौरा चौक स्थित मंदिर के समीप एक तालाब में सोमवार को नहाने के दौरान डूबने से कबाड़ व्यवसायी नंद किशोर साहू (58) की मौत हो गई। मृतक बहेड़ा के वार्ड-14 निवासी थे और आशापुर चौक पर कबाड़ का कारोबार करते थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 9 बजे वे तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देखा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। बताया जाता है कि कुछ लोग मौके पर मौजूद होने के बावजूद मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में लगे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें तालाब से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नंद किशोर साहू अपने पीछे पत्नी और 19 वर्षीय अविवाहित बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में शोक की लहर है।