दरभंगा में CCTNS कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा, एसएसपी ने थानाध्यक्षों व CCTNS प्रभारियों को दिए कई निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 वरीय पुलिस अधीक्षक  द्वारा अपने कार्यालय के सभा कक्ष में जिले के सभी थानों में संचालित CCTNS प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में CCTNS एवं अन्य आईटी से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और कार्यों में तेजी एवं पारदर्शिता लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी CCTNS प्रभारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की एंट्री CCTNS पोर्टल पर वास्तविक समय में सुनिश्चित की जाए। साथ ही ई-साक्ष्य (E-Sakshya) ऐप पर कांड से संबंधित सभी महत्वपूर्ण फोटो और वीडियो नियमानुसार अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान पुराने मामलों की केस डायरी को वर्षवार CCTNS में अपलोड करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-समन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के भीतर SCRB पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने CriMAC के माध्यम से जीरो एफआईआर को दूसरे राज्यों में भेजने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया। साथ ही आरोप पत्र एवं अंतिम प्रपत्र को CCTNS में अपलोड करने तथा गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी कहा गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी प्रतिदिन CriMAC एवं ICJS पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक सूचनाओं का अद्यतन करते रहें, ताकि अपराध से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान प्रभावी ढंग से हो सके।