दरभंगा में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” का शुभारंभ, डीएम ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
दरभंगा में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” का शुभारंभ, डीएम ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
दरभंगा में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” का शुभारंभ, डीएम ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा समाहरणालय परिसर में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला गंगा समिति कौशल कुमार ने “जल अर्पण” तथा गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि गंगा एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है तथा इसकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जल संरक्षण को वर्तमान समय की वैश्विक चुनौती बताते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण और जल संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति बन रही है। ऐसे में वर्षा जल संचयन, जल का विवेकपूर्ण उपयोग और स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति फारूक इमाम ने बताया कि 16 मार्च से 31 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न जल स्रोतों और घाटों के आसपास स्वच्छता श्रमदान, जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, जनजागरूकता अभियान तथा महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली समाहरणालय परिसर से निकलकर निबंधन कार्यालय, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, आयुक्त कार्यालय, ऑडिटोरियम, आदर्श मिडिल स्कूल, केएम टैंक शिव मंदिर, लोहिया चौक, लहेरियासराय टावर, पोस्ट ऑफिस और स्टेशन रोड होते हुए विकास भवन तक पहुंची।
रैली में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने “हम सब ने ठाना है, नदी-तालाबों को स्वच्छ बनाना है”, “नमामि गंगे, हर-हर गंगे” जैसे नारों के साथ जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस मौके पर नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रौशन उपाध्याय ने किया।