सिंहवाड़ा में सख्त वाहन चेकिंग: थानेदार बसंत कुमार खुद सड़क पर, बिना हेलमेट व कागजात पर ₹34 हजार का चालान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में इन दिनों सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। थानेदार बसंत कुमार खुद सड़क पर उतरकर दिन-रात वाहन चेकिंग कर रहे हैं। इसका असर यह है कि लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है और कई लोग हेलमेट पहनकर तथा कागजात दुरुस्त कर ही घर से निकल रहे हैं।

शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन में तहखाना बनाकर छिपाकर रखी गई शराब को बरामद किया गया। इस कार्रवाई में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं रविवार को भी थानेदार बसंत कुमार खुद सड़क पर उतरकर चेकिंग अभियान चलाते दिखे। इस दौरान बिना हेलमेट चलने और वाहन के कागजात दुरुस्त नहीं होने के कारण कई वाहनों का चालान काटा गया। कुल मिलाकर करीब 34 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

क्षेत्र में जैसे ही वाहन चेकिंग की सूचना फैली, कई बाइक चालक रास्ता बदलकर अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े।

थानेदार बसंत कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर निकलते समय हेलमेट जरूर पहनें और अपने वाहन के सभी कागजात दुरुस्त रखें, ताकि किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।