दरभंगा में कई थानाध्यक्षों के नेतृत्व में ईद, रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आगामी पर्व ईद, रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में शनिवार (15 मार्च 2026) को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

जानकारी के अनुसार हायाघाट थानाध्यक्ष द्वारा गायत्री मंदिर के पास, पतोर थानाध्यक्ष द्वारा थाना परिसर में, एपीएम थानाध्यक्ष द्वारा महारानी लक्ष्मीपुर देवरी मंदिर परिसर में, मनीगाछी थानाध्यक्ष द्वारा थाना परिसर में तथा कोतवाली थानाध्यक्ष द्वारा थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक की गई।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

साथ ही उपस्थित लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत संबंधित थाना को दें। इसके अलावा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाह प्रसारित नहीं करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाए जाएं, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा आम लोगों के सहयोग से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।