गौड़ा बौराम पीएचसी को स्थानांतरित करने के विरोध में एक दिवसीय धरना, ग्रामीणों में आक्रोश

दस्तक 7मीडिया अमित झा,गौड़ा बौराम।

बौराम पंचायत स्थित बरदहा परिसर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की चर्चा को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी के विरोध में स्थानीय लोगों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
धरना में शामिल ग्रामीणों का कहना था कि पिछले करीब 13 वर्षों से पीएचसी बौराम पंचायत में सुचारु रूप से संचालित हो रहा है, जिससे आसपास के लोगों लोगों को स्वास्थ्य सेवा मिलती है। यहां आने वाले मरीजों को नियमित इलाज की सुविधा मिलने से लोग संतुष्ट भी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले नए हेल्थ मैनेजर के पदभार ग्रहण करने के बाद से पीएचसी को यहां से स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने हेल्थ मैनेजर पर हेराफेरी का आरोप लगाते हुए सरकार से इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पीएचसी को यहां से हटाया गया तो आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा बंद करने की कोशिश की गई तो सड़क से सदन तक विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल किया जाएगा।
धरना में बौराम पंचायत के मुखिया आसिफ जमाल, कांग्रेस नेता तमन्ना खान, फजल अहमद, वासी अकरम, उपमुखिया रंजीत मुखिया, अनिल सिंह, कैलाश सदा, मोहम्मद दाऊद, मोहम्मद नजीर, मधुकर मुखिया, कन्हैया सदा, मोहम्मद सितारे रहमानी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।