विशेष समकालीन अभियान में तीन वारंटी गिरफ्तार, 69 हजार रुपये का चालान; रामनवमी, ईद व चैती दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/मनीगाछी

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार को मनीगाछी थाना क्षेत्र में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत फरार चल रहे गैर जमानती वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार वारंटियों में छेदी चौपाल (पिता– सुबाई चौपाल), जगदेव चौपाल (पिता– स्व. मंगल चौपाल) तथा विरसपति चौपाल (पिता– स्व. निर्धन चौपाल) शामिल हैं। तीनों अभियुक्त मनीगाछी थाना क्षेत्र के ग्राम राजे पश्चिम के निवासी बताए जाते हैं।

पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कुल 69,000 रुपये का चालान भी किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।

इधर आगामी रामनवमी, ईद एवं चैती दुर्गा पूजा पर्व को लेकर मनीगाछी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की गई। साथ ही प्रशासन की ओर से कहा गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग देने तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने का भरोसा दिलाया।