डीएम ने लोहिया चौक–पंडासराय पथ, आरओबी, दिल्ली मोड़ एवं बेला मोड़ का किया औचक निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने आज शहर में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए लोहिया चौक से पंडासराय पथ, पंडासराय आरओबी, दिल्ली मोड़ आरओबी तथा बेला मोड़ का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में बताया गया कि लोहिया चौक से पंडासराय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) समस्तीपुर द्वारा कराया जाना है। साथ ही इस मार्ग पर एक एलिवेटेड सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो पंडासराय को आरओबी से जोड़ेगी।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएच समस्तीपुर को निर्देश दिया कि नाला निर्माण का कार्य अविलंब एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से प्रारंभ कराया जाए।

उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर को उक्त मार्ग पर अतिक्रमण को शीघ्र चिन्हित कर हटाने का निर्देश दिया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस जारी करने तथा माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।

जिलाधिकारी ने अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मार्ग की शीघ्र नापी कराते हुए प्रभावित मकानों की मार्किंग कराई जाए।
पंडासराय आरओबी के एलाइनमेंट में जहाँ-जहाँ भू-अर्जन की आवश्यकता है, वहाँ शीघ्र चिन्हित करने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान अमीन द्वारा बताया गया कि एलाइनमेंट में कुछ स्थानों पर पक्के मकान भी आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को ऐसे मकानों का शीघ्र मूल्यांकन कर रिपोर्ट भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

दिल्ली मोड़ आरओबी का निरीक्षण

दिल्ली मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर ने बताया कि सड़क किनारे सरकारी भूमि की नापी एवं मार्किंग करा दी गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने अतिक्रमण को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया। वरीय परियोजना अभियंता, पुल निर्माण निगम द्वारा बताया गया कि सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के उपरांत सरकारी भूमि की अंतिम सीमा से नाला निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आवश्यक भू-अर्जन संबंधी अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा।

बेला मोड़ आरओबी का निरीक्षण

बेला मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरीय परियोजना अभियंता को यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पुल निर्माण निगम को सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण विभाग), पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता, एनएचएआई के प्रतिनिधि, आरओ बहादुरपुर, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।