छपरार बाध में पुलिस की कार्रवाई, ट्रक से 1564 लीटर शराब पकड़ी, ट्रक से 4272 बोतल विदेशी शराब बरामद, पुलिस पहुंचते ही तस्कर भागे,अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के फेकला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। रात्रि गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम छपरार बाध में छापेमारी कर एक ट्रक से करीब 1564.920 लीटर विदेशी शराब जब्त की। हालांकि पुलिस वाहन को देखते ही शराब उतार रहे तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सहायक अवर निरीक्षक (स0अ0नि0) कौशर अंसारी 13 मार्च की रात पुलिस बल के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष द्वारा सूचना दी गई कि छपरार बाध इलाके में एक ट्रक से विदेशी शराब उतारी जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम सुबह करीब 4:20 बजे मौके पर पहुंची।

पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद लोग ट्रक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे के कारण सभी तस्कर फरार हो गए।

मौके पर खड़े ट्रक (नंबर यूपी 43 एटी-1722) की तलाशी लेने पर ट्रक और उसके आसपास जमीन पर भारी मात्रा में शराब के कार्टन बरामद हुए। तलाशी के दौरान 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की कुल 4272 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1564.920 लीटर है। कई कार्टनों पर “For Sale in Punjab Only” भी अंकित पाया गया।

पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस संबंध में फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ट कॉपर ने बताया कि अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।