बिरौल,राष्ट्रीय लोक अदालत में 416 मामलों का निष्पादन, 19 लाख से अधिक की हुई वसूली

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एडीजे शिव कुमार, एसीजेएम प्रथम नरेश महतो, न्यायिक अधिकारी प्रियंशु राज, राजू कुमार साह, पप्पू कुमार पंडित, राकेश कुमार दीपक एवं मिस अंकिता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल सात बेंचों का गठन किया गया था। इन बेंचों के माध्यम से आपसी सहमति और सुलह के आधार पर कुल 416 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया। निष्पादित मामलों इस प्रकार है–अपराधिक मामले 258,ग्राम कचहरी से संबंधित मामले 158 के अलावा बैंकिंग और ऋण से संबंधित मामलों में भी बड़ी सफलता मिली। न्यायिक अधिकारियों ने बैंक कर्मियों और पैनल अधिवक्ताओं की उपस्थिति में बकायेदारों के साथ समन्वय स्थापित किया।
कुल 35 लाख 64 हजार 280 रुपये की बकाया राशि का सेटलमेंट किया गया। मौके पर ही 19 लाख 33 हजार 334 रुपये की नकद वसूली सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य वर्षों से लंबित मामलों को आपसी समझौते के आधार पर बिना किसी वैमनस्य के समाप्त करना है। इससे न केवल न्यायालय का बोझ कम होता है, बल्कि पक्षकारों के समय और धन की भी बचत होती है।