व्यावसायिक विविधीकरण एवं उद्यमशीलता के विकास पर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 


आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के लिए “व्यावसायिक विविधीकरण एवं उद्यमशीलता का विकास” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था किसानों के सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों से अपील की कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जिले के सभी किसानों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें, ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में व्यावसायिक विविधीकरण और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इसके माध्यम से किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि उपकरणों एवं योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि कर सकते हैं।

कार्यशाला के दौरान सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, बिहार राज्य फसल सहायता योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा योजनाओं के उद्देश्य, लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।

जिलाधिकारी ने सभी पैक्स अध्यक्षों को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति कार्य को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में गेहूं अधिप्राप्ति को और गति देने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ।

कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सहकारिता क्षेत्र में नए अवसरों, व्यावसायिक विस्तार तथा किसानों के हित में प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारी, पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।