डीएम ने एलिवेटेड पथ निर्माण कार्य स्थल का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने आज लहेरियासराय के सैदनगर में चल रहे एलिवेटेड पथ निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी तथा बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के अभियंताओं को निर्देश दिया कि मुख्य सड़क के दोनों ओर स्थित सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए डायवर्सन पथ का निर्माण कराया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि एलिवेटेड पथ निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा, विभागीय मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्य की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि कार्य की प्रगति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि एलिवेटेड पथ के निर्माण से लहेरियासराय तथा आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि, बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।