वर्ष की पहली लोक अदालत में 163 मामलों का निपटारा, 72.54 लाख रुपए का समझौता
वर्ष की पहली लोक अदालत में 163 मामलों का निपटारा, 72.54 लाख रुपए का समझौता
वर्ष की पहली लोक अदालत में 163 मामलों का निपटारा, 72.54 लाख रुपए का समझौता
दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर /विधि संवाददाता
न्यायालय परिसर में वर्ष की पहली लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। लोक अदालत में कुल 163 मामलों का निपटारा करते हुए 72 लाख 54 हजार 56 रुपए का समझौता कराया गया। इसके लिए कुल पांच बेंचों का गठन किया गया था।
पहली बेंच में एडीजे प्रथम माधवेन्द्र सिंह एवं अधिवक्ता सदस्य गजनफर अली खान ने सेंट्रल बैंक के चार ऋण संबंधी मामलों तथा बैंक ऑफ इंडिया के दो मामलों में 1 लाख 20 हजार 500 रुपए का समझौता कराते हुए मामलों का निपटारा किया।
दूसरी बेंच में एडीजे द्वितीय ऋषि गुप्ता एवं अधिवक्ता सदस्य त्रिलोक नाथ झा ने 16 शमनीय आपराधिक मुकदमों, तीन टेलिफोन बकाया तथा दो ट्रैफिक चालान के मामलों का निपटारा करते हुए 8 हजार 958 रुपए का समझौता कराया।
तीसरी बेंच में एसीजेएम संगीता रानी एवं अधिवक्ता सदस्य राममोहन झा ने 13 सुलहनीय आपराधिक मुकदमों, एक माप-तौल मुकदमे तथा एक ग्राम कचहरी से संबंधित मामले का निपटारा करते हुए 5 हजार रुपए जमा कराए।
चौथी बेंच में एसडीजेएम अनुराग तिवारी एवं अधिवक्ता सदस्य अभय कांति ने बिजली विभाग के छह मामलों में 2 लाख 2 हजार 149 रुपए जमा कराए। वहीं एसबीआई बैंक के 45 ऋण संबंधी मामलों में 39 लाख 6 हजार 34 रुपए का समझौता कराते हुए मामलों का निपटारा किया।
पांचवीं बेंच में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रोहित कुमार गुप्ता एवं अधिवक्ता सदस्य मोहम्मद गुलाम जैनुल आबेदीन ने पंजाब नेशनल बैंक के 22 मामलों में 4 लाख 67 हजार 600 रुपए तथा बिहार ग्रामीण बैंक के 48 मामलों में 30 लाख 11 हजार 415 रुपए का समझौता कराते हुए मामलों का निपटारा कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सह अध्यक्ष, अनुमंडल विधिक सेवा समिति माधवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। लोक अदालत को सफल बनाने में बेनीपुर के अधिवक्ताओं ने भरपूर सहयोग दिया।