दरभंगा एयरपोर्ट पर 470 ग्राम गांजा के साथ यात्री गिरफ्तार, पूछताछ में खुला बड़ा नेटवर्क; समस्तीपुर से 4.83 किलो गांजा व 11.53 लाख रुपये बरामद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा एयरपोर्ट पर स्कैनिंग के दौरान एक यात्री के बैग से गांजा मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई में नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस मामले में दरभंगा और समस्तीपुर से कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छापेमारी में भारी मात्रा में गांजा, विदेशी शराब और 11.53 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 13 मार्च को दरभंगा एयरपोर्ट के सुरक्षा पदाधिकारी ने स्कैनिंग के दौरान एक यात्री के बैग से गांजा जैसा पदार्थ मिलने की सूचना सदर थाना को दी। सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह सदर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ एयरपोर्ट पहुंचे और जांच के दौरान बलहा गांव निवासी मोहन कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से करीब 470 ग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन, तीन बैंक पासबुक, दो नोटबुक और एक पॉकेट खैनी बरामद की गई।

पूछताछ में मोहन कुमार यादव ने बताया कि उसने यह गांजा बिरौल थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी रामनरेश यादव से 7000 रुपये में खरीदा था। जांच में यह भी सामने आया कि उसने पेटीएम के माध्यम से रामनरेश यादव को 3000 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया था।

इसके बाद मोहन की निशानदेही पर पुलिस ने बिरौल थाना के सहयोग से बलहा गांव में छापेमारी कर रामनरेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने समस्तीपुर जिले के लगमा गांव निवासी प्रीतम कुमार सिंह से गांजा खरीदने की बात स्वीकार की।

इस सूचना के आधार पर समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना के सहयोग से लगमा गांव में छापेमारी की गई, जहां प्रीतम कुमार सिंह के घर से 2.940 किलोग्राम गांजा, 1 लाख रुपये नगद और ऑल सीजन्स कंपनी की 180 एमएल की 39 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।

प्रीतम कुमार सिंह की निशानदेही पर लगमा गांव में ही रविंद्र कुमार सिंह और राजू कुमार सिंह के घरों में भी छापेमारी की गई, जहां से 1.890 किलोग्राम गांजा और 10,53,750 रुपये नगद बरामद किए गए।

समस्तीपुर में बरामद सभी सामान और आरोपितों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सिंघिया थाना को सुपुर्द कर दिया गया, जहां प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक सह सदर थानाध्यक्ष दरभंगा के नेतृत्व और निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।