सैदनगर में खुले में बिक रहे मांस-मछली की दुकानों पर प्रशासन की कार्रवाई, एसडीओ के नेतृत्व में हटवाई गई दुकानें

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर में खुले सड़कों पर मांस और मछली बेचने को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की। डीएम के निर्देश पर सदर एसडीओ विकास कुमार के नेतृत्व में लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार और पुलिस बल की टीम ने सैदनगर पहुंचकर सड़क के दोनों किनारों पर खुले में लगाई गई मांस-मछली की दुकानों को हटवाया।सरकार ने खुले जगहों पर खुलेआम मांस -मछली के बिक्री पर रोक लगा दिया हे लेकिन यें दुकानदार सरकार के इस फैसले से अनभिज्ञ हे।

बताया जाता है कि सैदनगर इलाके में लंबे समय से सड़क किनारे खुलेआम मांस और मछली की बिक्री की जा रही थी। इससे सड़क पर गंदगी फैलने के साथ-साथ आवागमन में भी परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाया और खुले में मांस-मछली बेचने पर रोक लगाने की बात कही।

इस दौरान एसडीओ और थानाध्यक्ष ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे सड़क पर या खुले स्थान पर मांस और मछली की बिक्री नहीं करें। इस कारवाई  के बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें हटा लीं। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की बिक्री से स्वच्छता और यातायात दोनों प्रभावित होते हैं, इसलिए इस पर रोक लगाना आवश्यक है।

वहीं दूसरी ओर दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई पर अपनी परेशानी भी जताई। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। इसी व्यवसाय से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, शादी-ब्याह और घर का खर्च चलता है।

स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने कहा कि इस मामले को लेकर वे सभी जिलाधिकारी से मिलेंगे और अपनी समस्या रखते हुए न्याय की गुहार लगाएंगे, ताकि उनके रोजगार के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।