दरभंगा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, जमाखोरी व कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दरभंगा में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। जिलाधिकारी के आदेश पर जिले की सभी गैस एजेंसियों के कार्यों की निगरानी के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इन पदाधिकारियों की उपस्थिति में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।

जिला जन-सम्पर्क कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार 13 मार्च को जिले की गैस एजेंसियों द्वारा कुल 12,260 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 10,055 सिलेंडर एजेंसियों के पास शेष हैं।

प्रशासन के अनुसार 14 मार्च 2026 को 6,732 एलपीजी सिलेंडर और आने की संभावना है। इसके बाद जिले में कुल 16,787 गैस सिलेंडर उपलब्ध होंगे, जिनमें से 11,970 सिलेंडरों के वितरण की संभावना है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें। प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।