भ्रष्टाचार के विरुद्ध SVU की बड़ी कार्रवाई: BMSICL के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, 32 लाख नगद और 1.31 करोड़ के जेवरात जब्त

दस्तक 7मीडिया /पटना 

स्पेशल विजिलेंस यूनिट  (SVU), बिहार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पंकज कुमार, उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट), Bihar Medical Services & Infrastructure Corporation Limited (BMSICL), पटना के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अभियुक्त द्वारा 32 लाख रुपये नगद और 1 करोड़ 31 लाख रुपये के हीरा, सोना एवं चाँदी के जेवरात को फेंकने का प्रयास किया गया, जिसे SVU की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया।

अपर पुलिस महानिदेशक, SVU ने बताया कि पंकज कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति के मामले में SVU कांड संख्या-10/2026 दिनांक 11.03.2026 को धारा 13(1)(b) सह पठनीय 13(2) सह पठनीय 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कांड के अनुसंधानकर्ता वरीय पुलिस उपाधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा हैं।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पंकज कुमार ने BMSICL में लगभग 13 वर्ष की सेवा अवधि के दौरान अवैध तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की है, जो उनके वेतन एवं अन्य ज्ञात स्रोतों की आय की तुलना में काफी अधिक है। जांच में पाया गया कि उन्होंने कुल 96,46,666 रुपये की अवैध और नाजायज संपत्ति अर्जित की है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद माननीय न्यायालय से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर 12 मार्च 2026 को SVU की टीम द्वारा पटना में अभियुक्त के विभिन्न आवासों और कार्यालय में छापेमारी की गई। इनमें कदमकुआँ स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट का फ्लैट संख्या-105, सुमति पथ रानीघाट (महेन्दु) स्थित आवास तथा PMCH स्थित BMSICL कार्यालय शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान अभियुक्त के आवास और कार्यालय से अकूत संपत्ति के साक्ष्य मिले हैं, जो प्राथमिकी में वर्णित आरोपों से भी कई गुना अधिक हैं। जांच के दौरान अभियुक्त एवं उनकी पत्नी के नाम से कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी प्राप्त हुए हैं। इनमें पृथ्वीपुर, कंकड़बाग स्थित शिवम अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या-305 एवं 405 तथा कदमकुआँ स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या-105 शामिल है।

SVU की टीम द्वारा छापेमारी के दौरान अभियुक्त के आवास से कुल 32 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। उल्लेखनीय है कि जब SVU की टीम उनके फ्लैट पर छापेमारी के लिए पहुंची तो अभियुक्त ने नगद 32 लाख रुपये और सोने के आभूषण को फेंकने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 32 लाख रुपये नगद तथा 1 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य के हीरा, सोना और चाँदी के जेवरात को जब्त कर लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के सेवाकाल में खरीदे गए सोने के आभूषणों से संबंधित डेढ़ सौ से अधिक रसीदें भी बरामद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा वित्तीय संस्थाओं में निवेश से जुड़े विभिन्न दस्तावेज तथा बैंक खातों से संबंधित कागजात भी प्राप्त हुए हैं।

बरामद 32 लाख रुपये नगद और 1 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य के हीरा, सोना और चाँदी के जेवरात के संबंध में अभियुक्त पंकज कुमार ने स्वीकार किया है कि यह संपत्ति उन्हीं की है।

विशेष निगरानी इकाई ने आम लोगों से अपील की है कि रिश्वत मांगने से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत कार्यालय अवधि में विशेष निगरानी इकाई के दूरभाष संख्या 0612-2506253 अथवा मोबाइल नंबर 9031633644 पर दर्ज कराई जा सकती है।