अपडेट खबर :

दरभंगा में गैस को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर केस, पुलिस की सख्त चेतावनी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस वितरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक खबर के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

लहेरियासराय थानाध्यक्ष को चूनाभट्ठी वार्ड संख्या-14 निवासी कुमार कृष्ण उर्फ कृष्ण पासवान द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आवेदन में बताया गया कि 11 मार्च 2026 को नीरज क्रांतिकारी के फेसबुक अकाउंट और “बोलता भारत” के फेसबुक लिंक से यह झूठी खबर प्रसारित की गई कि दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर के बलभद्रपुर स्थित आवास पर एलपीजी गैस का वितरण किया जा रहा है।

इस भ्रामक सूचना के कारण अनावश्यक भीड़ जुटने की संभावना पैदा हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में लहेरियासराय थाना कांड संख्या 142/26, दिनांक 12 मार्च 2026 दर्ज कर संबंधित फेसबुक आईडी नीरज क्रांतिकारी  और बोलता भारत से  जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।एसएसपी जगुनाथ रेडडी जला रेडडी ने इसकी पुष्टि की हे।

इधर दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी वितरकों को मांग के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या गैस वितरण में बाधा डालने वालों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा-353 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दो वर्ष तक की जेल या जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। वहीं जमाखोरी, कालाबाजारी या बिना लाइसेंस बिक्री करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-7 के तहत एक से सात वर्ष तक की सजा हो सकती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें, अनावश्यक गैस सिलेंडर बुकिंग न करें और घरों में अतिरिक्त सिलेंडर का भंडारण न करें।

जिले में गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक दरभंगा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क कर सकते हैं।