कालाबाजारी पर प्रहार, एलपीजी की अवैध बिक्री रोकने को प्रशासन सख्त, धावा दल गठित
कालाबाजारी पर प्रहार, एलपीजी की अवैध बिक्री रोकने को प्रशासन सख्त, धावा दल गठित
कालाबाजारी पर प्रहार, एलपीजी की अवैध बिक्री रोकने को प्रशासन सख्त, धावा दल गठित
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध भंडारण की बढ़ती आशंकाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश के बाद, अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल स्तरीय धावा दल का गठन किया है।
एसडीएम शशांक राज द्वारा गठित यह विशेष धावा दल सीधे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) के नेतृत्व में कार्य करेगा। इस टीम का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घरेलू रसोई गैस का लाभ केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को मिले और बीच में होने वाली अवैध बिक्री पर पूर्णविराम लगे।
निगरानी और औचक निरीक्षण को सुव्यवस्थित करने के लिए अधिकारियों के बीच क्षेत्रों का बटवारा किया गया है। आशीष कुमार (प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी) बिरौल, कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंडों में निगरानी और छापेमारी की कमान संभालेंगे, जबकि सुदीप कुमार (प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी) घनश्यामपुर, गौड़ा बौराम और किरतपुर प्रखंड क्षेत्रों में कालाबाजारी रोकने हेतु जवाबदेह होंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धावा दल का मुख्य कार्य अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करना और सूचना मिलने पर तत्काल छापेमारी करना होगा। एसडीएम शशांक राज ने सख्त लहजे में कहा है कि रसोई गैस की कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या एजेंसी पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल गैस के वितरण पर रोक लगा दिया गया है। अनुमंडल प्रशासन के द्वारा उठाए गए इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गैस की किल्लत दूर होगी और उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर सुगमता से सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।