ईद की खरीदारी करने जा रही 7 साल की बच्ची को बाइक ने मारी ठोकर, डीएमसीएच में इलाज जारी

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

ईद की खरीदारी करने जा रही एक 7 वर्षीय बच्ची सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान सना परवीन (7) के रूप में हुई है। वह अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के नपती वार्ड नंबर-2 निवासी मो. नजीबुल की पुत्री है।

बताया गया है कि गुरुवार को दिन के करीब 1:00 बजे सना परवीन अपने परिवार के साथ ईद के लिए कपड़ा खरीदने सुर चट्टी जा रही थी। इसी दौरान जब वह मेन रोड पार कर रही थी और दोनों तरफ हाथ दिखाकर सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे ठोकर मार दी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बच्ची के कान में गंभीर चोट लगी और काफी ब्लीडिंग होने लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

बताया गया है कि हादसे के बाद बाइक चालक को लोगों ने पकड़ लिया। घायल बच्ची के पिता मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पांच बहन और एक भाई हैं।

घटना की जानकारी परिजन रूबी खातून ने दी है।