दरभंगा में गैस को लेकर बड़ी राहत: OTP की अनिवार्यता समाप्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली चिंता और अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न करें। आवश्यकता के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया है कि अब गैस प्राप्त करने के लिए OTP की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे वितरण प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गैस को लेकर अफवाह फैलाने या लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी दरभंगा के आदेश के आलोक में जिले के सभी गैस गोदामों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारु और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो सके तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।

प्रशासन ने बताया कि कार्यालय अवधि सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक इस संबंध में निर्धारित नंबरों पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।