आयुक्त की अध्यक्षता में जल संसाधन योजनाओं की समीक्षा, तटबंधों की नियमित जांच के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडलीय सभागार में जल संसाधन विभाग एवं लघु जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के कार्यपालक अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित अभियंताओं ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने जल संसाधन विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और तीनों जिलों के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का योजना-वार प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

आयुक्त ने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित एवं स्वीकृत योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभियंताओं को तटबंधों और बांधों की नियमित जांच करने तथा विशेष रूप से बिल (होल) की जांच कर समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाढ़ के समय किसी प्रकार की क्षति की संभावना न रहे।

बैठक में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि कमला बलान नदी के बाएं तटबंध पर बांध के ऊंचीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण की स्थिति और बेहतर होगी।

इसके बाद आयुक्त ने लघु जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियंताओं से 5 एकड़ से अधिक बड़े तालाबों, नलकूप, आहर-पईन, चेक डैम सहित अन्य जल प्रबंधन संरचनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं रख-रखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य तथा दरभंगा प्रमंडल के विभिन्न विभागों के अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।