सांसद के नाम से फर्जी पोस्ट वायरल, गैस सिलेंडर वितरण की अफवाह पर पुलिस सतर्क,दो लोंगों पर प्राथमिकी दर्ज।
दरभंगा/संवाददाता।
सांसद गोपाल जी ठाकुर के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर इंटरनेट मीडिया पर फर्जी पोस्ट वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच कुछ लोगों द्वारा भ्रामक पोस्ट के जरिए आक्रोश भड़काने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से प्रसारित हो रही थी, जिसमें सांसद के हाथ जोड़कर तस्वीर के साथ गैस सिलेंडर से भरे ट्रक की फोटो लगाई गई थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि 12 मार्च को बलभद्रपुर स्थित सांसद के निजी आवास पर एलपीजी गैस सिलेंडर के दो ट्रक पहुंचेंगे और वहां से उचित मूल्य पर आम लोगों के बीच वितरण किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपना खाली सिलेंडर लेकर सांसद के आवास पहुंचने की अपील भी की गई थी।

