दरभंगा में प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों के साथ एसएसपी की बैठक, प्रशिक्षण व कार्यों की हुई समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा द्वारा गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं वर्ष 2023 बैच के प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों के व्यवहारिक प्रशिक्षण की समीक्षा की गई तथा माह फरवरी में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों को प्रशिक्षण उपरांत पुलिस के मूल कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें थाना सिरिस्ता की पंजी को संधारित करने, गंभीर कांडों की श्रेणी में आने वाले मामलों की केस डायरी का अवलोकन करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं निवारण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों का मुख्य दायित्व विधि व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में प्रशिक्षु पदाधिकारियों को विभिन्न व्यवहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया तथा आगामी माह के लिए आवश्यक कार्यों से संबंधित टास्क भी निर्देशित किए गए।