डीएम ने केवटी प्रखंड सह अंचल कार्यालय और प्लस टू राजकीय कन्या आवासीय विद्यालय, बाढ़ पोखर का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज केवटी प्रखंड सह अंचल कार्यालय तथा प्लस टू राजकीय पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कन्या आवासीय विद्यालय, बाढ़ पोखर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में जल निकासी की समस्या को देखते हुए परिसर के चारों ओर पक्का नाला निर्माण का प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग बिहार के कार्यपालक अभियंता को दिया।

इसके साथ ही विद्यालय परिसर के बाहर की जमीन की घेराबंदी कराने का भी निर्देश दिया गया।

विद्यालय के प्राचार्य ने मुख्य द्वार के पास सुरक्षा की दृष्टि से गार्ड रूम निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं सेफ्टी टैंक निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए कार्यपालक अभियंता को इसका प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया। साथ ही परिसर में ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का भी निर्देश दिया गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने केवटी प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालक अभियंता को नए कार्यालय भवन का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराने का निर्देश दिया गया। उल्लेखनीय है कि नए भवन का कार्य प्रारंभ हो चुका है और यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा।

जिलाधिकारी ने भवन के समीप संचालित युवा कौशल विकास केंद्र को बगल के स्थान पर स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया।