सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई पर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित

दस्तक 7मीडिया /पटना 

पटना में आज दिनांक 12 मार्च 2026 को सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई से संबंधित संचालन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर सरदार पटेल भवन स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी और विधिसम्मत बनाने के लिए पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महानिदेशक सह मुख्य जाँच आयुक्त, बिहार दीपक कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, बिहार  अरविन्द चौधरी तथा पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित पुलिस मुख्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण शिविर में बिहार के विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों को सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं, जांच की पारदर्शिता और प्रशासनिक दायित्वों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

शिविर के माध्यम से अधिकारियों को यह भी बताया गया कि अनुशासनिक मामलों में किस प्रकार निष्पक्षता, समयबद्धता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो सके।