राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर थानाध्यक्षों के साथ बैठक, अधिक से अधिक मुकदमों के निपटारे पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने थानाध्यक्षों के साथ बैठक की।

14 मार्च 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निपटारे को लेकर यह विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीजेएम जुनैद आलम ने कहा कि मुकदमों के निपटारे के लिए पक्षकारों तक सूचना पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जितना अधिक लोगों तक नोटिस पहुंचेगा, उतनी ही अधिक संख्या में मामलों का निपटारा संभव हो सकेगा। इस दौरान उन्होंने न्यायालयों अथवा अन्य संस्थानों द्वारा जारी सभी नोटिसों का अनिवार्य रूप से तामिल कराने का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने अब तक तामिल किए गए नोटिसों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि शुक्रवार तक सभी पक्षकारों को लोक अदालत का नोटिस उपलब्ध करा दिया जाए।

वहीं उत्पाद न्यायालय के विशेष न्यायाधीश रविशंकर कुमार ने दावा वादों से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए लगातार प्रयास जारी रखना आवश्यक है। उन्होंने बीमा कंपनियों के अधिकारियों और दावाकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा मामलों में सुलह-समझौते की दिशा में पहल करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति भी तय की गई, ताकि लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।