डीएम ने प्राथमिक विद्यालय विरणपट्टी का किया निरीक्षण, नए भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

परियोजना भारतमाला के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-119डी (पैकेज-04) हाजीपुर-कल्याणपुर से बेला नवादा (दरभंगा) तक प्रस्तावित चारलेन सड़क निर्माण कार्य के क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को अंचल हायाघाट के मौजा हाजीपुर विरणपट्टी में स्थित प्राथमिक विद्यालय विरणपट्टी के स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए अर्जित खेसरा संख्या-638 पर स्थित प्राथमिक विद्यालय विरणपट्टी के पुनर्निर्माण हेतु आवश्यक राशि जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को उपलब्ध करा दी गई है।

जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी हायाघाट को निर्देश दिया कि विद्यालय के नए भवन निर्माण के लिए आवश्यक सरकारी भूमि का चयन कर उसे शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को भी निर्देश दिया कि विद्यालय भवन का मानक अनुरूप नक्शा तैयार कर जल्द ही परियोजना निदेशक, परियोजना कार्यान्वयन इकाई, मुजफ्फरपुर को उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।

साथ ही परियोजना निदेशक को निर्देशित किया गया कि नक्शा प्राप्त होते ही संबंधित एजेंसी के माध्यम से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। डीएम ने कहा कि विद्यालय भवन निर्माण पर होने वाला खर्च जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा वहन किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के कार्य में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समन्वय के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके और आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।