पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए दरभंगा में दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला आयोजित
पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए दरभंगा में दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला आयोजित
पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए दरभंगा में दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय, दरभंगा के जिला जन सम्पर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एमएसएमई विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा 11 से 12 मार्च 2026 तक सी. एम. लॉ कॉलेज, दरभंगा में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कार्य करने वाले पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को तकनीकी, आर्थिक तथा विपणन के क्षेत्र में सशक्त बनाना है।
पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत बढ़ई, सोनार, खिलौना निर्माता, नाव निर्माता, कुम्हार, जाल निर्माता, मालाकार, लोहार, मूर्तिकार, धोबी, राजमिस्त्री, मोची, नाई, दर्जी, ताला बनाने वाले सहित कुल 18 पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 15 हजार रुपये तक की टूल किट सहायता तथा 3 लाख रुपये तक का ऋण (1 लाख और 2 लाख रुपये) मात्र 5 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदर्शनी में लाभार्थियों को डिजिटल भुगतान, बाजार विस्तार, उत्पाद की गुणवत्ता, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म GeM और ONDC, सरकारी खरीद नीतियों, निर्यात प्रोत्साहन तथा बिहार सरकार की उद्योग संबंधी नीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने लाभार्थियों को योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आर. के. चौधरी (निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर), अम्बुरी शालेमु राजुलू (सहायक निदेशक), विकाश कुमार (जिला अग्रणी महाप्रबंधक, दरभंगा), सुरुचि कुमारी (महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र) तथा उमा शंकर महतो (मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, दरभंगा) उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अतुल कुमार मिश्र, सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर ने किया।