दरभंगा में NCORD समिति की बैठक, अवैध दवा दुकानों व नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशा नियंत्रण, अवैध दवा दुकानों की जांच और जनजागरूकता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे, जबकि कुछ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिलाधिकारी ने सहायक औषधि नियंत्रक एवं सभी औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक माह अपने-अपने क्षेत्र के मेडिकल स्टोर और थोक दवा विक्रेताओं का भौतिक सत्यापन करें और उसकी रिपोर्ट समय पर जमा करें। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस, मद्यनिषेध और जीएसटी विभाग के साथ संयुक्त जांच व छापेमारी करने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने अवैध दवा दुकानों की औचक जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने तथा प्रगति प्रतिवेदन प्रत्येक माह की 18 तारीख तक जिला गोपनीय प्रशाखा और सहायक आयुक्त मद्यनिषेध कार्यालय में जमा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में गांजा, भांग, अफीम और अन्य मादक पदार्थों की खेती, उपयोग या व्यापार की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित थाना या औषधि निरीक्षक को सूचना दें। औषधि निरीक्षक पुलिस के साथ समन्वय कर ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने आम जनता, खासकर विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूल और कॉलेजों में नशे से होने वाली हानियों के संबंध में प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सिविल सर्जन ने बताया कि डीएमसीएच में 10 बेड का नशा मुक्ति केंद्र संचालित है, जहां नशे के आदी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के नशे के आदी मरीजों को नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराएं।