राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए विभागों को सख्त निर्देश, बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए विभागों को सख्त निर्देश, बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए विभागों को सख्त निर्देश, बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त दरभंगा प्रमंडल श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में बुधवार को प्रमंडलीय सभागार में राजस्व संग्रहण से संबंधित विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नीलाम पत्र वाद, परिवहन, मद्यनिषेध एवं उत्पाद, खनन, वाणिज्य कर, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा निबंधन विभाग द्वारा किए जा रहे राजस्व संग्रहण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने तीनों जिलों के जिला नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक जिले में 100 बड़े बकायेदारों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, विशेष कैंप आयोजित करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रतिदिन न्यायालय संचालन करने को कहा।
निबंधन विभाग को अधिक से अधिक राजस्व संग्रहण कर निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं परिवहन विभाग को वाहनों की नियमित जांच अभियान चलाने, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा मिट्टी कटाव के लिए दी गई अनुमति के अनुरूप ही मिट्टी उठाव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही ईंट-भट्ठों से संबंधित रॉयल्टी वसूली और प्रदूषण जांच नियमित कराने की बात कही।
वाणिज्य कर विभाग को निर्देश दिया गया कि जिला स्तर पर प्रत्येक माह विशेष जांच अभियान चलाकर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जाए, ताकि कर संग्रहण में वृद्धि हो सके।
मद्यनिषेध विभाग की समीक्षा में शराब संबंधी मामलों में जब्त वाहनों की समयबद्ध नीलामी सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन के माध्यम से छापेमारी अभियान चलाने की बात कही गई।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा में अपर समाहर्ता (राजस्व) को भू-लगान वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार मनोज कुमार सहित दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।