कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा।

कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और लैंगिक समानता पर आधारित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में डीपीओ आईसीडीएस ने सभी अतिथियों को जल-जीवन-हरियाली का प्रतीक पौधा भेंट कर सम्मानित किया। प्रशिक्षण में जिले के सभी अनुमंडलों एवं विभिन्न विभागों में गठित आंतरिक शिकायत समिति और स्थानीय शिकायत समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को अधिनियम के प्रावधानों का पूरी तरह पालन करने और महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रशिक्षण सत्र में राज्य परियोजना प्रबंधक महिला एवं विकास निगम श्रीमती अंकिता कश्यप ने पीपीटी के माध्यम से “महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013” के विभिन्न प्रावधानों, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, जांच की विधि और शिकायत समितियों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिभागियों को SHe-Box पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निवारण की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए इसे कार्यस्थलों पर अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर उप निदेशक जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।