वरीय पुलिस अधीक्षक ने की मासिक अपराध गोष्ठी, कांडों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा मंगलवार को फरवरी माह 2026 की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया गया। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना-वार पूर्व से लंबित कांडों, फरवरी माह में दर्ज कांडों तथा निष्पादित कांडों की समीक्षा की। समीक्षा में हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या और वाहन चालान सहित अन्य मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। वाहन चालान की संख्या कम या शून्य रहने पर हायाघाट, मोरो, विशनपुर, बहादुरपुर, कमतौल, फेकला, सोनकी, केवटी, जाले, मनीगाछी, अलीनगर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान एवं जमालपुर थानाध्यक्षों को निंदन की सजा दी गई।

बैठक में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ई-समन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने नशेड़ियों और नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने, लंबित कांडों के निष्पादन और गिरफ्तारी में वृद्धि करने तथा यातायात दुर्घटना से संबंधित मामलों में I-RAD और e-DAR की समय पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधियों का नाम-पता और उनके अपराधों का विवरण गुंडा पंजी में अद्यतन करने तथा महत्वपूर्ण मामलों के वीडियो साक्ष्य को ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड करने को कहा गया।

शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों और शराब तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन गश्ती अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

साथ ही थाना में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को शालीनता से सुनकर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई करने, न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों का समय पर निपटारा करने का निर्देश दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को प्रतिदिन थाना में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ सुबह बैठक कर आवश्यक टास्किंग करने का भी निर्देश दिया।