डीएम की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, स्थायी भूमि उपलब्ध कराने पर चर्चा
डीएम की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, स्थायी भूमि उपलब्ध कराने पर चर्चा
डीएम की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, स्थायी भूमि उपलब्ध कराने पर चर्चा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, दरभंगा की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा और समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्थायी भूमि उपलब्ध कराए जाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विद्यालय के लिए स्थायी भूमि उपलब्ध कराने के प्रयास के लिए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि स्थायी भूमि मिलने से विद्यालय के समुचित विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विद्यालय के प्राचार्य ने बैठक में पठन-पाठन की स्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा विद्यालय के समग्र संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जिलाधिकारी को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय में नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के विद्यालय भवन के पीछे स्थित भूमि के सौंदर्यीकरण कराने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
बैठक में केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।