गरम मार में गिरने से तीन वर्षीय बालक झुलसा, डीएमसीएच से पीएमसीएच रेफर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

गरम चावल के मार में गिरने से एक तीन वर्षीय बालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना सोमवार को दिन के करीब 12:30 बजे समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रमपुरा वार्ड नंबर 13 स्थित प्राथमिक विद्यालय की बताई जा रही है।
झुलसे बालक की पहचान रमपुरा वार्ड नंबर 12 निवासी लाल बाबू महतो के पुत्र करण कुमार (3) के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया।
इमरजेंसी में मौजूद उसकी मां बेबी कुमारी ने बताया कि वह पिछले चार साल से स्कूल में बच्चों के लिए खाना बनाने का काम करती हैं। सोमवार को जब वह चावल का गरम मार छान रही थीं, उसी दौरान उनका पुत्र भी पास में था और अचानक गरम मार में गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।


घटना के बाद आनन-फानन में उसे कल्याणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच पहुंचने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
बेबी कुमारी ने बताया कि करीब साढ़े तीन साल पहले उनके पति उन्हें छोड़कर कहीं चले गए और तब से उनका कोई संपर्क नहीं है। रोजी-रोटी चलाने के लिए स्कूल में खाना बनाने का काम ही उनका एकमात्र सहारा है। उनके दो बड़ी बेटियां और एक छोटा बेटा है, जो इस घटना में झुलस गया।