ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार की संध्या करीब 6 बजे घर के पास की बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र के चतुर्भुज पिपराही वार्ड नंबर-1 निवासी नथुनी साहू की पत्नी गायजी देवी (35) के रूप में की गई है।
मृतका की बहू अनीता देवी ने बताया कि उनकी सास पास के चिमनी भट्ठा पर मजदूरी करती थीं। रविवार को काम खत्म कर वह पैदल घर लौट रही थीं। घर से कुछ दूरी पहले उसी भट्ठा का ईंट लदा ट्रैक्टर तेज गति से आया और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गईं, जिसके बाद ट्रैक्टर का पिछला चक्का उनके शरीर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने घायल महिला को सड़क किनारे गड्ढे में खींच कर रख दिया और भट्ठा मालिक को सूचना देकर वापस अपने काम में लग गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को चालक सहित पकड़ लिया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को आनन-फानन में धौरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतका के पति विकलांग हैं। उनके परिवार में तीन पुत्री और एक पुत्र हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वहीं बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।