राष्ट्रीय लोक अदालत में क्लेम केस निपटारे को लेकर बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में क्लेम मामलों के अधिकाधिक निपटारे को लेकर सोमवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय प्रमोद कुमार पंकज ने की, जबकि एक्साइज कोर्ट के विशेष न्यायाधीश रविशंकर कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में संबंधित अधिवक्ताओं के साथ लोक अदालत में निपटारे के लिए चयनित मामलों की समीक्षा की गई। प्रधान न्यायाधीश श्री प्रमोद कुमार पंकज ने अधिवक्ताओं से कहा कि शुक्रवार तक सभी चयनित मामलों को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए तथा बीमा कंपनियों के अधिकारियों और दावा कर्ताओं के बीच अंतिम स्तर पर बातचीत कराने का प्रयास किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा हो सके।

उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों का लक्ष्य अधिकतम मामलों का निष्पादन होना चाहिए। वहीं विशेष न्यायाधीश रविशंकर कुमार ने अधिवक्ताओं के साथ चयनित मामलों पर समीक्षात्मक चर्चा करते हुए कहा कि पिछले लोक अदालतों की तुलना में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्री-काउंसलिंग अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी सहित क्लेम मामलों से जुड़े अधिवक्ता उपस्थित थे।