रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित
रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित
रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आगामी रामनवमी पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संभावित उपद्रवियों के विरुद्ध बाउंड डाउन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्गों को चिन्हित कर उनका सत्यापन कराने तथा संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। रामनवमी जुलूसों में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डीजे का उपयोग पाए जाने पर उसे तुरंत जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस निकलने से पहले ही डीजे जब्त करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व के दौरान सभी पदाधिकारी सतर्क एवं सक्रिय रहेंगे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है, जिसके कारण शहर में भीड़ अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (यातायात) को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही शहर में ट्रकों के प्रवेश को भी नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बाउंड डाउन कार्रवाई से संबंधित प्रस्तावों, जारी नोटिसों एवं की गई कार्रवाई की प्रतिदिन समीक्षा करें।
संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु उपयुक्त स्थानों की पहचान करने के निर्देश भी दिए गए। भीड़ नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अखाड़ा समितियों के सदस्यों के साथ कम-से-कम तीन बैठकें आयोजित कर समन्वय बनाए रखें तथा आवश्यकतानुसार अखाड़ा स्थलों के पास पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। इस संबंध में पीडीएस दुकानदारों से भी फीडबैक लेने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि रामनवमी के अवसर पर डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। संवेदनशील स्थलों पर पूर्व से ही विशेष निगरानी रखने तथा आमजनों को जागरूक करने के लिए पूर्व से माइकिंग कराने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह चौकस और सुदृढ़ रहेगी।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दरभंगा, मंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।