ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा बेहतर करने की पहल, चलंत चापाकल मरम्मती दल रवाना

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के चलंत चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के ग्रामीण इलाकों में स्थापित सरकारी चापाकलों के रख-रखाव और मरम्मत कार्य को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पीएचईडी द्वारा प्रत्येक प्रखंड के लिए चलंत मरम्मती दल का गठन किया गया है। इन दलों में प्लंबर, टेक्नीशियन और अन्य तकनीकी कर्मियों को शामिल किया गया है, जो क्षेत्र में जाकर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि चापाकलों की मरम्मत से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 06272-22056 जारी किया गया है। इस नंबर पर शिकायत मिलने पर संबंधित कनीय अभियंता, अभियंता, तकनीशियन और कर्मी चलंत मरम्मती दल के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रखंडों में जलस्तर नीचे चला गया है, वहां प्राथमिकता के आधार पर चापाकलों की मरम्मत और आवश्यक तकनीकी कार्य किए जाएंगे। साथ ही विकास मित्रों के माध्यम से महादलित टोलों का सर्वेक्षण कर वहां स्थापित चापाकलों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार मरम्मती कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए पीएचईडी के सभी कनीय अभियंताओं को निगरानी और अनुश्रवण की जिम्मेदारी दी गई है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी उत्कर्ष भारती, सहायक अभियंता विवेक कुमार, राजेश कुमार, कृष्णा कुमार और सौरभ सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।