दरभंगा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की पहल, ऑटो-ई रिक्शा के लिए बनेंगे 5 जोन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन और सड़क अतिक्रमण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र में ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए उन्हें पाँच अलग-अलग जोन में विभाजित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक जोन के वाहनों की पहचान के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित करने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि वाहनों की पहचान आसानी से हो सके और यातायात नियंत्रण बेहतर ढंग से किया जा सके।

उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को सभी ऑटो रिक्शा के परमिट की सघन जांच करने तथा बिना परमिट या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों पर लगने वाले अवैध ठेलों और अतिक्रमण को हटाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लहेरियासराय टावर चौक से लोहिया चौक तक लगने वाले सब्जी एवं फल के ठेलों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी लहेरियासराय को सड़क किनारे लगाए गए ठेलों को हटाने और जब्त करने का सख्त निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि हाजमा चौक पर अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है। इसलिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को हाजमा चौक को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने भी पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को विशेष अभियान चलाकर शहर की यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी, मंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।