दरभंगा में पेयजल संकट से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पेयजल की उपलब्धता और संभावित जल संकट से निपटने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के संबंधित पदाधिकारियों के साथ पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में दो-दो बोरिंग का कार्य कराया जा चुका है, ताकि लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि कुछ वार्डों में अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वार्ड संख्या 03 और 07 में पेयजल आपूर्ति की समस्या को देखते हुए बुडको को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और पंचायती राज विभाग की जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव और मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने नगर परिषद और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार पानी टैंकर की खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। इसके साथ ही उपयुक्त स्थानों की पहचान कर नए बोरिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि पेयजल आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को पहले से पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से वार्डों की संख्या, उपलब्ध पानी टैंकरों और कराए गए बोरिंग कार्यों की विस्तृत जानकारी भी ली गई।

बैठक में बताया गया कि विभागीय निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड में कम से कम दो बोरिंग कराना अनिवार्य है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित खराबियों के त्वरित समाधान के लिए मरम्मत दल का गठन किया जाए और सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखे जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त, बुडको के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।