उल्टी की शिकायत के बाद युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के भट्टपोखर वार्ड नंबर 5 निवासी एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
मृतक की पहचान भट्टपोखर वार्ड 5 निवासी रामसागर दास के पुत्र अनमोल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अनमोल कुमार को अचानक उल्टी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जाले सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि 7 मार्च को उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां करीब 24 घंटे से अधिक समय तक उनका इलाज चला। लेकिन बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रामसागर दास ने बताया कि उनके बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। डॉक्टरों द्वारा लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो सका और अंततः उसकी मौत हो गई।


उन्होंने बताया कि अनमोल कुमार की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। वह जाले नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे और उनकी कमाई से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें ढाई साल की एक बेटी और आठ महीने का एक बेटा शामिल है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।