डीएम की अध्यक्षता में जनसुनवाई, 20 से अधिक मामलों की हुई सुनवाई

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट-3 – सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया।

जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 20 से अधिक आवेदनों पर विस्तृत सुनवाई की गई, जिनमें से आधे मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, शिक्षा विभाग से संबंधित समस्याएं, ग्राम कचहरी में बहाली से जुड़ी शिकायतें तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला और प्रमंडल स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की जाती है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही समाहरणालय आने वाले सभी नागरिकों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।