आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा, डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश
आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा, डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश
आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा, डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय, दरभंगा में जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरओबी निर्माण में अतिक्रमण, भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति तथा कार्यों की गति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़, पंडासराय, बेला गुमटी और चट्टी गुमटी में चल रहे आरओबी निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन कारणों से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर, डीसीएलआर तथा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने भूमि से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि पंडासराय और चट्टी चौक में भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा मुआवजा भुगतान के लिए संबंधित रैयतों को नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं बेला मोड़ आरओबी के लिए भी मुआवजा भुगतान हेतु नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी ने चट्टी चौक स्थित निर्माणाधीन आरओबी का स्थल निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियंताओं और संवेदक को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम द्वारा निर्मित दुकानों का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, पुल निर्माण निगम के अभियंता तथा संबंधित संवेदक उपस्थित थे।