कुशेश्वरस्थान में भाजपा का प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

दस्तक 7मीडिया /कुशेश्वरस्थान

भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान–2026 के तहत प्रखंड के धोबलिया में रविवार को प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पार्टी के जिला संयोजक, नगर पालिका प्रकोष्ठ सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य कुशेश्वरस्थान पूर्वी के गौतम प्रसाद सिंह के आवासीय परिसर में आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रौशन कुमार राय ने की।

कार्यशाला में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक समृद्धि का संकल्प लिया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विनय पासवान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद आज भी भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित होकर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सेवा का भाव पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। श्री पासवान ने पार्टी की नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला संयोजक गौतम प्रसाद सिंह ने पार्टी के आलाधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं कार्यक्रम को कुशेश्वरस्थान विधानसभा स्तरीय बीएलए-1 मणिकांत झा, संजय सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय राय तथा मोहन प्रसाद निराला ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मधुकांत राय, डॉ. रोशन कुमार राय, राजा राय, मकेश्वर यादव सहित पार्टी के जिला एवं मंडल स्तर के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।