अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमान नगर प्रखंड के हुसैनाबाद स्थित अरैला सामुदायिक भवन में ग्राम पंचायत कार्यालय द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के समापन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), दरभंगा द्वारा सेंटर डायरेक्ट एनजीओ के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की सचिव आरती कुमारी ने महिलाओं की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान पर प्रकाश डाला।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी और लोगों से इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज में इसके विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व पर बल दिया और उन्हें जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम में स्थानीय थाना प्रभारी दिव्य ज्योति, जिला समन्वयक रामविनय कुमार, ग्राम पंचायत के मुखिया लाल बाबू पासवान, सरपंच रामलखन बैठा सहित स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।