जमीन विवाद में आधा दर्जन पेड़ काटने व धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन

दस्तक 7मीडिया,गौरा बौराम

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कोर्थु गांव में जमीन विवाद को लेकर आधा दर्जन से अधिक पेड़ काटने और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राम बिनोद ठाकुर और अनिल ठाकुर ने घनश्यामपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए गए आवेदन में
पीड़ित ने बताया कि मौजा कोर्थु अंतर्गत खाता संख्या 828 (पुराना), खेसरा संख्या 3330 तथा नए सर्वे में खेसरा संख्या 6713 एवं 6714 में करीब 38 डिसमिल जमीन उनके पिता कमल किशोर ठाकुर एवं स्व जयगोविंद ठाकुर के नाम दर्ज है। उनका कहना है कि उक्त जमीन उनके पूर्वजों द्वारा वर्ष 1907 में खरीदी गई थी और वर्तमान सर्वे में भी यह जमीन उनके परिवार के नाम से दर्ज है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही अजून सदा, बिंदेश्वर सदा और सुरेंद्र सदा सहित कुछ अन्य लोग इस जमीन पर जबरन अधिकार जताते रहते हैं। आवेदक के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार जमीन पर आकर पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। हाल ही में आरोपियों ने उनकी जमीन पर लगे आधा दर्जन से अधिक पेड़ों को काटकर गिरा दिया और पेड़ों को काटते रहे। इस घटना की जानकारी उन्हें गांव के लोगों से फोन के माध्यम से मिली।
राम बिनोद ठाकुर और अनिल ठाकुर ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचकर इसका विरोध करने लगे तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए।
इस संबंध में घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को थाना बुलाकर दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कागजात कैथी लिपि में पाए गए। फिलहाल दोनों पक्षों को पेड़ काटने या हटाने से मना कर दिया गया है। साथ ही दस्तावेजों का हिंदी में अनुवाद कर शनिवार को थाना में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।