शादी का झांसा देकर सात साल तक शोषण, गर्भपात का दबाव; महिला थाना में केस दर्ज

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर सात वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए आदर्श कुमार उर्फ आदर्श सिंह के खिलाफ महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया और कई बार जबरन गर्भपात भी करवाया।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, युवती वर्ष 2019 से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस दौरान दोनों अलग-अलग किराये के कमरों में पति-पत्नी की तरह रहते थे। पीड़िता का कहना है कि सात वर्षों के दौरान वह चार बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने अल्ट्रासाउंड कराकर लड़की होने की आशंका जताते हुए हर बार दबाव बनाकर गर्भपात करवा दिया।

फिलहाल युवती पांचवीं बार गर्भवती है। उसका आरोप है कि इस बार जब उसने गर्भपात कराने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और 22 फरवरी को घर से निकाल दिया।

पीड़िता ने बताया कि वह एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में गार्ड के रूप में काम करती थी, जबकि आरोपी भी वहीं गार्ड की नौकरी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध हो गया। आरोपी लगातार अपनी बहन की शादी के बाद उससे विवाह करने का आश्वासन देता रहा, लेकिन शादी की बात टालता रहा।

युवती का आरोप है कि जब वह आरोपी के घर जाकर उसके माता-पिता से शादी की बात करने पहुंची तो उन्होंने जाति का हवाला देते हुए उसे घर में रखने से इनकार कर दिया और मारपीट कर भगा दिया।

पीड़िता के अनुसार, 22 फरवरी की रात आरोपी ने जबरदस्ती गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे कमरे से बाहर निकाल दिया गया। बाद में जब वह वापस रहने पहुंची तो मकान मालिक ने कमरे में ताला लगा दिया।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह कई बार महिला थाना गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

महिला थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।