सीवान : कर्तव्य में लापरवाही पर सीवान एसपी की कार्रवाई, सराय थाना के एक पुलिस पदाधिकारी निलंबित ,दो गृह रक्षकों पर कारवाई के लिये डीएम को लिखा पत्र।

दस्तक 7मीडिया /पटना 

सिवान में कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक पूरन झा  ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा एक पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो गृह रक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

जानकारी के अनुसार सराय थाना कांड संख्या 80/26 (दिनांक 06.03.2026) के तहत गिरफ्तार अभियुक्त बबलू तिवारी को थाना हाजत में रखा गया था। रात में उसे बिना हथकड़ी शौचालय ले जाया गया, जहां से वह थाना परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया।

प्राथमिक जांच में ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता सामने आने पर पु.अ.नि. अभिषेक कुमार (सराय थाना) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र सिवान निर्धारित किया गया है।

इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षक 5499 रविशंकर राय और गृह रक्षक 6217 विनोद सिंह के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुलिस टीम द्वारा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।